परीक्षा प्रणाली का पुनर्मूल्यांकन

लेखक: HARISH NAUTIYAL (हरीश नौटियाल)
पद: Assistant Teacher (Science)
संपर्क नंबर: 9411397364

परीक्षा का स्वरूप :-

साल भर में परीक्षा कैसे हो, कितनी बार हो, इसका स्वरूप कैसा हो, और इसका आयोजन किस प्रकार किया जाये, इससे पूर्व यह समझना आवश्यक है कि, हम परीक्षा के अर्थ को किस रूप में ले रहे हैं। और क्या विद्यालयों और संस्थानों में ली जाने वाली परीक्षा, अपने उद्देश्यों को पूरा कर पा रही है अथवा नहीं।

क्या हम परीक्षा को मूल्यांकन के पश्चात मूल्यों के सुधारात्मक कदम के रूप में देख रहे हैं, और इसका आंकलन प्रस्तुत कर पा रहे हैं। अथवा वह छात्रों के लिए एक ऐसे परीक्षण का आयोजन है जिसे कि किसी तरह छात्र को बस पास कर लेना है। सम्भवतः हमारे स्कूल, कॉलेजों और संस्थानों में आज भी शिक्षकों एवं छात्रों के समक्ष, परीक्षा के मूल उद्देश्य अभी भी स्पष्ट नहीं हैं। और इस पर सामान्य चर्चा भी नहीं की जाती। जिस कारण हमारे स्कूलों की मूल्यांकन एवं आंकलन से जुड़ी यह एक खास प्रक्रिया, साल के अन्त में लिखित परीक्षण के आयोजन की ऐसी व्यवस्था बन कर रह गयी है, जिसमें कि पास और फेल के आधार पर छात्र का आंकलन कर लिया जाता है।

साल भर में परीक्षा कितनी बार हो :-

वर्तमान के सन्दर्भ में देखा जाये तो शिक्षा चाहे किसी भी स्तर पर प्रदान की जा रही हो, उसमें परीक्षायें आज पाठ्यक्रम और पाठ्यचर्या का अभिन्न हिस्सा बन चुकी हैं। ये मासिक, त्रैमासिक, छमाही और वार्षिक आधार पर आयोजित की जाती हैं। यह एक बड़ी अजीब सी बात है कि, परिस्थितियां मौसम में बहुत भिन्नता होने के पश्चात भी पूरे देश में परीक्षा के आयोजन का समय निर्धारित है। कभी कभी स्थान विशेष की दशायें इस सन्दर्भ में समस्यायें उत्पन्न कर सकती हैं।

सम्भवतः परीक्षा कराने का उद्देश्य छात्रों की दक्षताओं का आंकलन करना है, किन्तु आज परीक्षा वास्तव में एक लिखित मूल्यांकन तक सीमित रह गयी है। जिसमें कि आपका पास या फेल होना इस बात पर निर्भर करता है कि पूछे गए प्रश्नों में से आपने कितने प्रश्नों के उत्तर दिये हैं। और वार्षिक परीक्षा के बाद किसी अन्य अवसर के बारे में सम्भावनायें भी कम हैं। अतः यह निष्कर्ष निकाला गया कि, चूँकि हम विद्यालयों में निरन्तर आंकलन और सतत एवं व्यापक मूल्यांकन की प्रक्रिया के साथ आगे बढ़ रहे हैं अतः परीक्षाओं के इस बारम्बार आयोजन की संख्या घटनी चाहिए।

प्रारम्भिक स्तर पर अगर हम प्राथमिक कक्षाओं (कक्षा 1 से कक्षा 5) के सन्दर्भ में देखें तो, साल भर में तीन परीक्षाओं का आयोजन पर्याप्त होगा। जिसमें कि शुरुआती दो परीक्षाओं के समय में लचीलापन रखा जा सकता है, और तीसरी परीक्षा को हम वार्षिक परीक्षा के रूप में न लेकर अधिगम सत्रांत आंकलन के रूप में ले सकते हैं। प्राथमिक कक्षा 1 और 2 की परीक्षाओं के सन्दर्भ में अभी भी अजीब सी स्थिति बनी हुई है, क्या कक्षा 1 और 2 में लिखित परीक्षा हो अथवा इस परीक्षा का आयोजन मौखिक रूप से ही किया जाये, और इसे कितनी बार किया जाये। इस विषय पर चर्चा अनवरत रूप से जारी है।

अतः उपर्युक्त के सन्दर्भ में निम्न बिन्दुओं को प्रस्ताव के रूप में रखा गया है।

  • प्राथमिक स्तर पर साल भर में तीन और उच्च प्राथमिक स्तर पर साल भर में चार परीक्षायें की जा सकती हैं।

  • लिखित परीक्षा के अतिरिक्त आंकलन की प्रक्रिया पूरे शिक्षण सत्र में गतिमान रहनी चाहिए।

  • कक्षा 1 और 2 में लिखित परीक्षा की बाध्यता नहीं होनी चाहिए।

  • प्रत्येक बच्चा चूँकि स्वयं की एक समझ और अभिव्यक्ति की क्षमता रखता है, अतः परीक्षा के लिखित रूप में न जाकर, बच्चे के प्रतिफल प्राप्त कर लेने की दशा में, कक्षा 1 और 2 में इसे कभी भी आयोजित कर सकते हैं। और आंकलन की यह मौखिक प्रक्रिया सालभर दोहराई जा सकती है।

परीक्षा कब होनी चाहिए :-

वर्तमान में विद्यालयों में परीक्षा के आयोजन के अनेक प्रारूप चल रहे हैं। इनमें से अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षा प्रारूप मुख्य हैं। अर्द्धवार्षिक परीक्षा साल के मध्य में और वार्षिक परीक्षा साल के अन्त में कराई जाती है। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में प्रति माह मासिक परीक्षायें भी आयोजित की जाती हैं।

संक्षेप में कहा जा सकता है कि सत्र में उस समय को निश्चित कर लिया गया है, जिसे दौरान ये परीक्षायें ली जानी हैं। और इस समय विशेष की परीक्षा में कितने प्रतिशतों को आंकना है, यह भी पहले से निर्धारित कर लिए गए हैं। वस्तुतः परीक्षा के आयोजन में आज शिक्षार्थी की भूमिका बहुत सीमित रह गयी है, यह बस इतनी भर है कि, छात्र को एक निश्चित समय पर दिए गए परीक्षा कार्यक्रम का अनुपालन कर इसमें प्रतिभाग करना है।

बहुधा देखा गया है कि, कभी-कभी विद्यालय या प्रबन्धन कुछ कारणों जैसे पाठ्यक्रम का पूरा न होना, प्रश्न पत्र निर्माण में देरी, प्रश्न पत्रों का समय से ना पहुँचना, राष्ट्रीय कार्यक्रम या अन्य कुछ कारणों की वजह से परीक्षा कार्यक्रम को रोक देते हैं, या आगे बढ़ा देते हैं। इस कथन के सन्दर्भ में विचार कर ने वाली बात यह है कि, क्या इन ही सवालों और तर्कों का हमारे उन छात्रों को भी प्राप्त है जो परीक्षा में सम्मिलित होते हैं। एक बार परीक्षा कार्यक्रम निर्धारित हो जाने के बाद, इस बात पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जाता कि, क्या छात्र वाकई परीक्षा के लिए तैयार हैं, या किसकी की आर्थिक तौर स्तर क्या है, और क्या छात्र उस स्तर की समझ विकसित कर पाए हैं। और यह भी महत्वपूर्ण है कि क्या छात्र उस परीक्षा सारणी के अनुसार, परीक्षा के आयोजन के समय मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार हैं अथवा नहीं।

परीक्षा और छात्र :-

परीक्षा सम्बन्धी प्रक्रिया में छात्र एक महत्वपूर्ण घटक है, अतः इन्हें मात्र एक परीक्षार्थी के रूप में न देखकर, हमें छात्रों को परीक्षा प्रक्रिया में सम्मिलित करना होगा। क्योंकि परीक्षा छात्रों के लिए बनी है, छात्र परीक्षा के लिए नहीं। और सत्र के मध्य या अन्त ली जाने वाली लिखित परीक्षा मात्र से किसी छात्र का वास्तविक और दीर्घकालिक आंकलन नहीं किया जा सकता। अतः परीक्षा के सन्दर्भ में निम्न विचार प्रस्तुत किये गए हैं।

  • परीक्षा के आयोजन से पूर्व, छात्रों के प्राप्तियों की प्राप्ति का स्तर जान लेने चाहिए। विद्यालयों में सतत रूप से किया जाने वाला आंकलन इस सन्दर्भ में मदद कर सकता है।

  • परीक्षाओं की संख्या कम की जाए ताकि इनके आयोजन के समय में लचीलापन लाया जा सके।

  • सत्रांत परीक्षा के अतिरिक्त, सत्र के दौरान ली जाने वाली अन्य परीक्षाओं में निश्चित समय की बाध्यता न रखी जाये।

  • प्रतिफलों को प्राप्त कर लेने की दशा में, तथा छात्र संख्या सीमित होने पर, परीक्षा कराई जा सके, ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए।

  • परीक्षा कब हो, इस सन्दर्भ में विद्यालय क्षेत्र की तात्कालिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए, और समय परिस्थितियों में परीक्षा होनी चाहिए।

  • परीक्षा से पूर्व छात्रों की मनोदशा, स्वास्थ्य आदि के भी जानने के प्रयास किये जाने चाहिए और आवश्यकता होने पर परामर्श शिविर की व्यवस्था की जानी चाहिए। ताकि परीक्षा के मूल उद्देश्यों की प्राप्ति की जा सके।

  • परीक्षा के भय को कम करने हेतु, परीक्षा पूर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में गतिविधि, वार्ता एवं मौखिक अभ्यास के माध्यम से प्रयास किये जाने चाहिए।

वर्तमान की शिक्षा प्रणाली में व्यक्तिगत परीक्षा (private exam) की व्यवस्था समाप्त हो चुकी है। ऐसे में अगर देखा जाये तो हमें ऐसे हजारों छात्र मिल जायेंगे, जो कि समय, स्वास्थ्य या फिर किसी अन्य कारण से परीक्षा में सम्मिलित नहीं हो पाए और अनुत्तीर्ण हो गए। और मात्र किसी एक अकादमिक स्थिति की वजह से उनका पूरा एक वर्ष खराब हो गया। कभी कभी ऐसी परिस्थिति में छात्र छात्रा आगे पढ़ाई की मुख्य धारा से ही छूट जाते हैं। (दूरस्थ ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में यह अक्सर देखा गया है।)

अतः मूल्यांकन के लिए आयोजित की जाने वाली परीक्षा कब हो, इस सन्दर्भ में प्रभावी कार्ययोजना की सख्त आवश्यकता है। तथा साथ ही साथ हमें परीक्षा रूपी आयोजन में छात्रों की सहभागिता बढ़ाने पर भी ध्यान देना होगा।

परीक्षा पूर्व निर्धारित लक्ष्यों का आंकलन :-

एक परीक्षा के आयोजन का शैक्षिक उद्देश्य चाहे जो भी हो किन्तु एक परीक्षा छात्रों के जीवन पर बहुत अधिक प्रभाव डालती है। जहाँ एक ओर छात्र परीक्षा के परिणाम से खुश होते हैं, उत्साहित होते हैं, वहीं दूसरी ओर परीक्षा के परिणाम छात्रों में अवसाद, निराशा और हीनता की भावना भी उत्पन्न करते हैं। परीक्षा परिणाम के संतोषजनक न आने या फेल हो जाने पर, आत्महत्या जैसे प्रयास इसके अत्यन्त बुरे प्रभाव हैं।

अतः आवश्यक हो जाता है कि परीक्षा से पूर्व लक्ष्यों का आंकलन कर लिया जाना चाहिए। ताकि जब भी परीक्षा हो, हमारे छात्र उसके लिए तैयार हों। और परीक्षा में छात्रों को उनकी समझ के आधार पर आंका जा सके, जिससे कि हम परीक्षा रूपी आयोजन के मूल उद्देश्यों को प्राप्त कर सकें।

छात्रों का आंकलन एवं परीक्षा का स्वरूप :-

छात्रों के आंकलन के सन्दर्भ में वर्तमान में विद्यालयों में अनेकों क्षेत्रों में प्रयास किये जा रहे हैं। किन्तु परीक्षा के परिप्रेक्ष्य में छात्रों का मूल्यांकन या आंकलन, इस सन्दर्भ में अभी प्रयास किये जाने बाकी हैं। प्रारम्भिक स्तर पर विशेषतः कक्षा एक से पाँच तक परीक्षा के सन्दर्भ में छोटे बच्चों का आंकलन, एक शिक्षक के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सामान्यतः छोटे बच्चे मानसिक शारीरिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से अपेक्षाकृत मजबूत नहीं होते। वे छोटे बच्चे अपनी अलग अलग विविधताओं, भाषा, व्यवहार, बोली, चीजों को समझने की क्षमता और अपनी शैली में उसे अभिव्यक्त कर पाने या न कर पाने आदि गुणों के साथ होते हैं। और हर बच्चे में इन गुणों में अत्यधिक विचलन देखा गया है। क्या ऐसी परिस्थिति में और इतनी भिन्नता में, सभी बच्चों को मात्र एक निश्चित सवालों की परीक्षा में आंकना उचित होगा, क्या हमारे बच्चे परीक्षा में अभिव्यक्ति के रूप में, लिखने के प्रति सहज हैं, और क्या उनका वास्तविक मूल्यांकन हो पा रहा है। (कक्षा एक और दो के सन्दर्भ में यह एक महत्वपूर्ण विचारणीय तथ्य है।)

अतः छात्रों के आंकलन एवं परीक्षा के स्वरूप में निम्न विचार प्रस्तुत किये गए कि, परीक्षाओं को पाठ्यक्रम की अवधारणा के अनुरूप रखते हुए इनमें समझ पर आधारित प्रश्न पत्रों का निर्माण किया जाना चाहिए। जिसमें कि अभिव्यक्ति को मात्र लेखन के रूप में न रखकर, अन्य प्रकार के अभिव्यक्ति के विकल्पों को भी स्थान दिया जाना चाहिए। ताकि परीक्षाओं में छात्रों की समझ का आंकलन किया जा सके, ना कि मात्र लिखित सूचनाओं का।

सारांश :-

वस्तुतः हमें परीक्षाओं को सही मायने में, "आंकलन के लिए मूल्यांकन" के रूप में देखना होगा, न कि एक ऐसे आयोजन के रूप में, जो कि हमें सिर्फ ये बताये कि छात्र को क्या नहीं आता। एक सत्र में परीक्षाओं को सीमित किया जा सकता है, और प्राप्त मूल्यों के आधार पर उपचारात्मक एवं सुधारात्मक प्रयास किये जा सकते हैं। किसी भी कक्षा के सत्र के अन्त में आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं को, एक अंतिम उपलब्धि के रूप में न देखकर, इसे छात्र के प्राप्त और अप्राप्त मूल्यों के परीक्षण के रूप में देखा जाना चाहिए।

परीक्षाओं में प्रयुक्त किये गए प्रश्न पत्र, पूछे गए प्रश्नों का प्रकार, प्रश्नों की प्रकृति, और इन प्रश्नों को जाँचने के तरीकों पर भी मंथन करना आवश्यक है। हमें यह देखना होगा कि, एक प्रश्न पत्र के रूप में क्या हम वास्तव में छात्र की समझ, उसके जान लिए गए ज्ञान का मूल्यांकन कर पा रहे हैं, अथवा हम बस पाठ्यक्रम के सन्दर्भ में छात्र के पास मौजूद सूचनायें और तथ्यों की जानकारी जुटा रहे हैं। अतः उचित होगा कि पाठ्यक्रम के सन्दर्भ में छात्रों से विस्तार से चर्चा परिचर्चा कर उनके अनुभवों और समझ का आंकलन कर, प्रश्न पत्र निर्माण अथवा परीक्षा में कुछ नए परिवर्तन किये जा सकें। यह छात्रों की समझ और अभिव्यक्ति को, आंकलन में स्थान देने का एक एक बेहतर कदम हो सकता है।

अन्तोगत्वा हमें यह समझना होगा कि परीक्षा रूपी आयोजन में, एक प्रश्न पत्र में पूछे गए दस या बारह सवालों से, क्या हम वास्तव में एक छात्र के 365 दिनों के अध्ययन, परिश्रम, उसकी समझ, उसकी उपलब्धि और उसके ज्ञान का मूल्यांकन कर पा रहे हैं, अथवा नहीं। और हमें तय करना होगा कि

“परीक्षायें छात्रों के लिए बनी हैं, या छात्र परीक्षाओं के लिए”

कविता

मैं आज फिर से परीक्षा देकर आया हूँ
वो परीक्षा, जिसके लिए मैं जागा हूँ रात भर
और खपाए हैं किताबों में साल भर, सुबह से शाम तक

पर समझ नहीं आता कि क्यों पढ़ाई खत्म नहीं होती साल भर में
जबकि मुझे जाँच लिया जाता है, दस कुछ ही घंटों, चन्द सवालों में

कल रिजल्ट भी आएगा, कुछ पास - कुछ फेल हो जायेंगे
कुछ अगली कक्षाओं में जायेंगे, कुछ फेल होकर रो जायेंगे

और ये हर बार हुआ है, बार बार हुआ है,
सिस्टम पास हो गया, और बच्चा फेल हुआ है।

लेखक: HARISH NAUTIYAL
पद: Assistant Teacher (Science)
संपर्क: 9411397364